Monday, October 26, 2009

प्यार का प्रतिदान - आशा बर्मन


प्यार का प्रतिदान

चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

प्यार भी ऐसा मिला, आकंठ मैं डूबी रही,
मिल गया मुझको सभीकुछ, चाह ना कोई रही।
भाग्य पर निज आजतक विश्वास आता है नहीं
कब व कैसे बन गयी हूँ, प्यार का प्रतिमान मैं॥
चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

रंचभर का कष्ट तुमको, बन गय़ी उर की व्यथा.
हो गये यदि रुष्ट तुम, जीवन मेरा होता वृथा ।
प्रिय रहो प्रसन्न प्रतिपल,है कहाँ वह राह ऐसी?
भ्रान्तपथिक सी भटकती, उसी के सन्धान में ॥
चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

मकरन्द और पराग पवन में कहीं घुलते रहे,
सहज सतरंगी मेरे सपने वहीं पलते रहे ।
क्षितिज के उस छोर तक, प्यार से विस्तार ले,
मौन होकर देखती हूँ, प्रेमजनित वितान मैं ॥
चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

खोने लगा निजस्व ,तुम ही तुम रहे इस सृष्टि में,
सर्वस्व निखरने लगा, प्रेम की इस वृष्टि में ।
कृतज्ञता का भाव ही मन में रहा अब शेष था,
संसार का, व्यवहार का, भूल रही ज्ञान मैं॥
चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

भक्ति है इतनी प्रबल,पर शक्ति है और है न साधन,
किसविधि से पूजूं तुमको, कैसे करूँ मैं अराधन?
शक्ति दो मुझमें हे भगवन, भाव हों साकार मेरे,
राह भी ,गन्तव्य भी, इससे नहीं अनजान मैं ॥
चाहकर भी कर न पायी, प्यार का प्रतिदान मैं ।

Friday, October 23, 2009

कविता- आशा बर्मन


कविता


किसी ने कहा, कविता मन का विलास है,
कविता मेरे लिये प्राणों की प्यास है ।
प्यास है साथ ही तृप्ति का साधन भी,
कविता आराध्य है, साथ ही आराधन भी।

विलास की वस्तु यह पहले हुआ करती थी,
अलंकारों से युक्त हो,राजाओं के मन हरती थी।
कविता हमारे लिये विलास का न साधन है,
न ही हमारे लिये जीविका उपार्जन है ॥

युग-युग में कविता के रूप अनेक रहे,
अन्तरात्मा जिस ओर गयी,कवि उस ओर बहे।
कभी वीर, कभी भक्ति, कभी श्रृंगारप्रधान रही,
कविता कभी वादों के विवाद में उलझती रही ॥

कविता तुलसी की अनन्य दैन्य भक्ति है,
कविता सूर की प्रेमजन्य शक्ति है ।
मीरा के आंसू, कबीर की वह बानी है,
कविता की शक्ति अब जानी-पहचानी है ।।

हम प्रवासी कवि सबसे ही निराले हैं,
व्यवहारिकता में नितान्त भोले-भाले हैं॥
राजनीति के दाँवपेच हमें न आते हैं,
करतलध्वनिमात्र से हर्षित हो जाते हैं॥

कविता हमारे लिये भावमय विचार है,
इसके माध्यम से होता आत्मविस्तार है।
यंत्रचालित जीवन से उबरने का उपाय है,
कविता हमारे लिये स्वान्तःसुखाय है ॥

Saturday, September 26, 2009

दीवाली- आशा बर्मन



दीवाली आयी, जगमग दीप जलाओ ।

भारत से दूर प्रवासी हैं हम,
विदेश भूमि के वासी हैं हम,
दीवाली के अवसर पर
शुभकामनायें बरसाओ ।

दीवाली आयी, जगमग दीप जलाओ ।
लक्ष्मीपूजन हो घर-घर में,
आरती हो मंगलमय स्वर में,
निज भावों के दीपदान पर,
स्नेह-प्रदीप जलाओ ।
दीवाली आयी, जगमग दीप जलाओ ।

हम न भूलें संस्कृति अपनी,
संस्कार और सदवृति अपनी,
असत पर हो सत की विजय,
मन्त्र यही दोहराओ ।
दीवाली आयी, जगमग दीप जलाओ ।

गांधी जयन्ती के अवसर पर - आशा बर्मन



बापू : एक उद्‍गार आशा बर्मन


हे गत शताब्दी के युग पुरुष, बापू!

मुझे यह सौभाग्य तो नहीं मिला
कि में तुम्हारे दर्शन कर सकूँ,
पर यह सौभाग्य तो मिला ही कि
में उसी देश में, उसी युग में जन्मी
जहाँ तुम्हारा जन्म हुआ था।

देखने का सौभाग्य तो नहीं,
पर सुनने का सौभाग्य तो मिला ही।
कई सभाओं में तुम्हारी प्रशस्तियाँ सुनी,
कई पत्रिकाओं व ग्रन्थों में
तुम्हारी गाथायें व संस्मरण पढ़े,
और हर बार पहले से भी
कुछ अधिक नतमस्तक हो गयी।

इतने वर्षों के पश्चात मन में
बार-बार आती है एक ही बात
कि मानव जाति ने जितना प्रयास
तुम्हारे गुणगान में लगाया है,
उसका शतांश प्रयास भी ,
यदि तुम्हारे किसी एक गुण,
त्याग, सत्य, अहिंसा को
अपनाने में लगा पाते,

तो न केवल यह तुम्हारे प्रति

एक सच्ची श्रद्धांजलि होती
वरन्‌ इस विश्व का रूप ही

कुछ दूसरा ही होता,
विश्व के लोग कुछ भिन्न होते।

बस, मुझे और कुछ नहीं कहना है।
इसके पश्चात कहने सुनने को क्या शेष रह जाता है?

Saturday, August 29, 2009

प्रश्न - आशा बर्मन




यह प्रश्नचिन्ह क्यों बार-बार ?
क्यों उसे जीत, क्यों मुझे हार?
यह प्रश्न उठे क्यों बार-बार ?

जीवन में जो भी किये कर्म,
तत्समय लगा था, वही धर्म ।
यदि अनजाने ही हुई भूल,
लगता जीवन से गया सार ॥
यह प्रश्न उठे क्यों बार-बार?

इच्छाओं का तो नहीं अन्त,
मन छू लेता है दिग-दिगन्त।
इस मन को ही यदि कर लूं जय,
हो जाये कष्टों से निस्तार ॥
यह प्रश्न उठे क्यों बार-बार?

क्यों मुझको बनना है विशिष्ट?
क्यों नहीं काम्य है सहज शिष्ट?
सब सौंप उसीको कठिन भार,
निश्चिन्त रहूं, पा सुख अपार।
यह प्रश्न उठे क्यॊं बार-बार?

Tuesday, August 18, 2009

फुरसत - आशा बर्मन

आओ आज इस नये दिवस में एक नयी शुरूआत करें।
फुरसत से बैठे हैं हम, यूँ ही सबसे बाते करें॥

अपने नन्हें से बेटे से खेल-वेल कुछ हो जाये।
प्यारी बिटिया की कोई अभिलाषा पूरी हो जाये॥

अपने ही परिवार पर, खुशियों की बरसात करें।
फुरसत से बैठे हैं हम, यूँ ही सबसे बाते करें॥

अम्माजी के पास गये, बीत चलें हैं कुछ दिन।
पल-पल छिन-छिन नैन बिछाये बैठी रहती हैं हर दिन॥

उनके मुख पर मुस्कान सजे, कुछ ऐसी करामात करें।
फुरसत से बैठे हैं हम, यूँ ही सबसे बाते करें॥

मेरे मन की गहराई से कोई धीरे से बोला।
मन के सोये भावों को,मैंने कबसे नहीं टटोला॥

आज समय ह, क्यूँ न स्वयं से मुलाकात करें।
फुरसत से बैठे हैं हम, यूँ ही सबसे बाते करें॥

इस बसन्ती मौसम में, चिड़ियों की है मधुर चहक।
वातावरण में व्याप रही है फूलों की मीठी महक॥

इस प्राकृतिक शोभा को उर में आत्मसात करें।
फुरसत से बैठे हैं हम, यूँ ही सबसे बाते करें॥

तुम्हारा प्यार - आशा बर्मन


गगन सा निस्सीम,

धरा सा विस्तीर्ण.

अनल सा दाहक,

अनिल सा वाहक,

सागर सा विस्तार,

तुम्हारा प्यार!


विश्व में देश,

देश में नगर.

नगर का कोई परिवेश,

उसमें, मैं अकिंचन!


अपनी लघुता से विश्वस्त,

तुम्हारी महत्ता से आश्वस्त,

निज सीमाओं में आबद्ध

मैं हूँ प्रसन्नवदन!


परस्पर हम प्रतिश्रुत,

पल - पल बढ़ता प्यार,

शब्दों पर नहीं आश्रित,

भावों को भावों से राह!


तुम्हारी महिमा का आभास,

पाकर मैंने अनायास,

दिया सौंप सारा अपनापन

चिन्तारहित मेरा मन!

Wednesday, August 12, 2009

अपराधबोध - आशा बर्मन


अपनी पावन धरती को तज,
क्यों दूर देश में आये हम ?
जियें दोहरा जीवन कबतक ?
यह भी समझ न पाये हम ॥

जिन जीवनमूल्यों में जीते थे,
उनको फ़िर से रहे आंक।
क्या त्यागें. हम क्या अपनायें?
हम विमूढ़ से रहे ताक ॥

स्वदेश लौट्ने की योजना
सदैव स्थगित करते गये।
साथ ही एक अपराधबोध
मन में विकट भरते रहे॥


ऊपर से सम्पन्न सही,
अन्तर से निपट निर्धन।
हम इतने क्यों निरुपाय?
अपने प्रति यह है अन्याय॥


जब सारी सृष्टि का वह निर्माता,
हर देश का उससे ही नाता।
तो यह कैसा है विरोध?
कैसा यह अपराधबोध?


हम समझें निज को भाग्यवन्त,
दो संस्कृतियों को हमने जाना,
उनके गुण-अवगुण को
निकट से हमने पहचाना॥


हम भारत माता के कृतज्ञ,
जिसने हमें जन्म दिया।
इस विदेशभूमि ने भी
भरण-पोषण व शरण दिया॥


भारत ने सदा से ही
पोषक को सम्मान दिया ।
देवकीनंदन कृष्ण यशोदा का
बेटा भी कहलाया ॥


उभय संस्कृतियों के सौरभ से
नित निज जीवन को महकायें ।
अपराधभाव को त्याग,
मन में आत्मविश्वास जगायें॥

Monday, August 10, 2009

अभिनय- आशा बर्मन






हम अभिनय करते हैं।


लेकर चरित्र हम जीवन से
उसे सजाकर अभिनय से
निज परिश्रम से उनमें
रंग जीवन के भरते हैं।
हम अभिनय करते हैं॥


नाट्यरस में डूब-डूब कर,
निज स्वरूप को भूल-भूल कर,
अभिनीत चरित्रों में रमकर
सपनों में विचरते हैं ।
हम अभिनय करते हैं॥


कंठ्स्थ करें संवादों को,
जीवन्त करें उन भावों को,
सब पात्रों से रख तालमेल,
अभ्यास सतत हम करते हैं।
हम अभिनय करते हैं ॥



साधना कठिन थी अनिवार्य,
बाधायें सारी कीं शिरोधार्य ।
सबसे सहयोग किया सबने,
स्वान्तःसुखाय सब किया कार्य॥

दर्शक हो चाहे निर्देशक,
सबके कटाक्ष हम सहते हैं।
हम अभिनय करते हैं ॥


यह रंगमंच है जीवन का,
हम आप सभी हैं अभिनेता,
निर्देशक है वह परमपिता,
जिसके सशक्त संकेतों पर,
हम सभी थिरकते रहते हैं।
हम अभिनय करते हैं ॥